नैनबाग के चिलामू गांव में बनेगी ‘जसपाल राणा आईन बॉल शूटिंग एवं स्पोर्ट्स एकेडमी
नैनबाग के चिलामू गांव में बनेगी ‘जसपाल राणा आईन बॉल शूटिंग एवं स्पोर्ट्स एकेडमी
नैनबाग (शिवांश कुंवर)
नैनबाग क्षेत्र के चिलामू गांव में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ‘जसपाल राणा आईन बॉल शूटिंग एवं स्पोर्ट्स एकेडमी’ की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित एकेडमी का उद्देश्य प्रदेश और देशभर के खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रशिक्षकों (स्पोर्ट्स कोच) को आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। एकेडमी का शुभारंभ सितंबर माह में होना है
विश्व विख्यात निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा की स्मृति में स्थापित होने वाली इस एकेडमी के लिए चिलामू स्थित जसपाल राणा खेल मैदान का चयन किया गया है। एकेडमी का मुख्यालय भी यहीं रहेगा। यहां शूटिंग के अलावा हैंडबॉल, बास्केटबॉल, टेनिस, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एकेडमी का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षित चाइल्ड स्पोर्ट्स कोच तैयार करना है, जो आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर विद्यालयों और महाविद्यालयों तक बच्चों एवं युवाओं को खेलों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से विकसित करने का कार्य करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों की मानसिक क्षमता, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एकेडमी की शुरुआत में सबसे पहले टिहरी गढ़वाल जनपद के खेल प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण देकर चाइल्ड स्पोर्ट्स कोच के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश एवं देशभर के युवाओं को भी प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। संस्थान का लक्ष्य ‘खेलो इंडिया, बढ़ो इंडिया’ अभियान को गति देने के साथ वर्ष 2036 तक भारत को खेल महाशक्ति बनाने में योगदान देना है।
अंतरराष्ट्रीय आईन बॉल फेडरेशन के सीईओ प्रताप चौहान ने बताया कि स्वर्गीय जसपाल राणा ने खिलाड़ी और कोच के रूप में देश को कई उत्कृष्ट खिलाड़ी दिए और भारत को अनेक पदक दिलाए। उनकी स्मृति में स्थापित यह एकेडमी देशभर के हजारों युवाओं को प्रशिक्षित कर दक्ष खेल गुरु तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से चाइल्ड स्पोर्ट्स कोच तैयार करने पर जोर दिया जाएगा, क्योंकि वर्तमान समय में इस क्षेत्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों की कमी है।
