टिहरी में भीषण सड़क हादसा: मैक्स खाई में गिरी, 8 की मौत
टिहरी में भीषण सड़क हादसा: मैक्स खाई में गिरी, 8 की मौत
टिहरी गढ़वाल से इस समय एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार बताए जा रहे थे और हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायल की पहचान उत्तम कुमार, ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़, अंकित पुत्र आशा लाल, ग्राम नेलचामी, घनसालीके रूप में हुई है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मौके पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। पुलिस, SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
