उत्तराखंडनैनबाग

निशानेबाज जसपाल राणा के निधन से शोक में डूबा नैनबाग क्षेत्र, बाजार रहा बंद

 

निशानेबाज जसपाल राणा के निधन से शोक में डूबा नैनबाग क्षेत्र, बाजार रहा बंद

 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज एवं क्षेत्र की शान जसपाल राणा के निधन के समाचार से पूरे नैनबाग क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त रहा। उनके सम्मान में नैनबाग बाजार बंद रहा तथा क्षेत्र में दिनभर शोकपूर्ण वातावरण बना रहा। लोगों का कहना था कि ऐसा महसूस हो रहा है मानो क्षेत्र ने अपना एक अनमोल रत्न खो दिया हो।
जनपद टिहरी गढ़वाल नैनबाग तहसील अंतर्गत पट्टी सिलवाड़ जौनपुर के ग्राम चिलामू सहित आसपास के गांवों में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जसपाल राणा केवल एक खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि पूरे उत्तराखंड और जौनपुर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे।
विश्व शक्ति योग जन सेवा समिति के अध्यक्ष गंभीर रावत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “जसपाल राणा ने अपने संघर्ष, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर देश और उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर स्थापित किया। उनका निधन केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश की अपूरणीय क्षति है। आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन से प्रेरणा लेती रहेंगी।”
वहीं नैनबाग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश तोमर ने कहा कि “जसपाल राणा क्षेत्र की पहचान थे। उनके निधन का समाचार सुनकर पूरे नैनबाग बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका योगदान और व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।”
क्षेत्र के अनेक लोग विभिन्न कारणों से उनके अंतिम दर्शन के लिए नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने अपने घरों और गांवों में रहकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!