उत्तरकाशी: प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा का डुंडा में भव्य स्वागत, 2027 में तीनों सीटें जीतने का भरा हुंकार
उत्तरकाशी: प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा का डुंडा में भव्य स्वागत, 2027 में तीनों सीटें जीतने का भरा हुंकार
उत्तरकाशी- उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री बनाए जाने पर पहली बार उत्तरकाशी पहुंचे सौरभ बहुगुणा का विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान और डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजबीर परमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी से मेरा बहुत पुराना और गहरा नाता रहा है। मेरा लक्ष्य इस जनपद को विकास के मामले में प्रदेश में अग्रणी बनाना है। जन-समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। चारधाम यात्रा को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रा को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने होटल एसोसिएशन की नाराजगी पर संज्ञान लेते हुए कहा कि व्यवसायियों को जिन भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा ताकि पर्यटन और तीर्थाटन से जुड़े लोगों को राहत मिल सके।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राजनीतिक मोर्चे पर भी कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंका। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकते हुए कहा कि कार्यकर्ता अभी से पूरे उत्साह के साथ मैदान में जुट जाएं। उन्होंने आह्वान किया कि इस बार एकजुट होकर उत्तरकाशी जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है।
