गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई चारधाम यात्रा, सीएम धामी ने की सुरक्षित और सुगम यात्रा की कामना
गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई चारधाम यात्रा, सीएम धामी ने की सुरक्षित और सुगम यात्रा की कामना
गंगोत्री- उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का श्रीगणेश हो गया है। अक्षय तृतीया पर गंगोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के साथ खुले। मंदिर को कई कुन्तल फूलों से मंदिर सजाया गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भागीरथ पूजा संपन्न कराई जा रही है। निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट आगामी छह माह के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद देश-विदेश से आए श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु सुबह से ही धाम में एकत्रित हुए और पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से भक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी श्री गंगोत्री धाम पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा स्नान कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना की तथा कपाट उद्घाटन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि आज से चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर बहुत उत्साह है। इस बार यात्रा को लेकर अलग प्रकार का जोश और उमंग है।चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। सबकी यात्रा अच्छी, मंगलमय, सुगम, सरल और सुव्यवस्थित और सुरक्षित हो यह हमारी सरकार का प्रयास रहेगा। हमारे सभी स्टेकहोल्डर्स और चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभाग इस यात्रा की तैयारियों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। सभी यात्रियों का उत्तराखंड में स्वागत है, सबका अभिनंदन है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हम सभी श्रद्धालुओं का दिल से स्वागत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, यातायात और साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव कर सकें। कपाट उद्घाटन समारोह में शामिल श्रद्धालुओं ने मां गंगा से देश-प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की, वहीं पूरे धाम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
