श्री गंगोत्री धाम के कपाट कल खुलेंगे: मां गंगा की उत्सव डोली रवाना
श्री गंगोत्री धाम के कपाट कल खुलेंगे: मां गंगा की उत्सव डोली रवाना
उत्तरकाशी- चारधाम यात्रा की पावन परंपरा के अंतर्गत आज मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा (मुखीमठ) से विधिवत पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री गंगोत्री धाम के लिए श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में रवाना हो गई।
डोली प्रस्थान के अवसर पर मुखवा गांव में, जहां आर्मी बैंड के साथ, ढोल-दमाऊ, रणसिंघा और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय ग्रामीणों, तीर्थ पुरोहितों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर डोली यात्रा में सहभागिता की और मां गंगा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।
परंपरा के अनुसार आज रात्रि विश्राम भैरोघाटी में होगा, जहां विशेष पूजा-अर्चना, भजन कीर्तन के बाद कल प्रातः लगभग 7 बजे मां डोली पुनः श्री गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। कल अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को दोपहर ठीक 12 बजकर 15 मिनट पर विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गंगोत्री धाम के कपाट देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा, और कपाट खुलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर होगा और श्री गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिससे चारधाम यात्रा की आध्यात्मिक ऊर्जा और भी अधिक प्रखर हो उठेगी।
