उत्तराखंड

ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं एसपी कमलेश उपाध्याय, यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर परखी व्यवस्थाएं 

ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं एसपी कमलेश उपाध्याय, यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर परखी व्यवस्थाएं 

 
कारोबारियों और घोड़ा-खच्चर संचालकों के साथ की अहम बैठक
एसपी ने खरसाली में मां यमुना के किए दर्शन, सुरक्षित यात्रा की कामना
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़- 
उत्तरकाशी- कल 19 अप्रैल को श्री यमुनोत्री धाम एवं गंगोत्री धाम के के कपाट खुलने जा रहे हैं। चारधाम यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का ग्राउंड जीरो पर जायजा लिया।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए भूस्खलन एवं लैण्ड स्लाइडिंग जोन का भौतिक निरीक्षण कर वहां पर सुरक्षात्मक उपायों का आकलन और भूस्खलन जोन पर नियुक्त पुलिस बल को प्वाइंट टू प्वाइंट ब्रीफ कर ‘सेवा, सुविधा और सम्मान’ की थीम के अनुरुप सरल, सुगम व सुरक्षित यात्रा के निर्देश दिये गये।

जानकीचट्टी तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उनके द्वारा प्रत्येक प्वाइंट पर  यातायात व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाये रखने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क करवाने के निर्देश दिये गये। यातायात का दबाव अधिक होने पर होल्डिंग प्वाइंट पर कुछ समय के लिए पार्क करवाने तथा नैरो पैच पर वन-वे ट्रैफिक मैनेजमेंट के निर्देश दिये गये।

यमुनोत्री धाम के अंतिम पडाव जानकीचट्टी रजिस्ट्रेशन केन्द्र, कुली एजेंसी पर यात्रा से जुड़े कारोबारियों और घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों की बैठक लेकर सभी से यात्रा के दौरान पुलिस और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बनाने में सहयोग की अपील की। तीर्थयात्रियों से अतिथि की भांति सौम्य व्यवहार करने, अनावश्यक यात्रियों को परेशान तथा जबरन वसूली न करने की सख्त हिदायत दी गयी। रजिस्ट्रेशन केन्द्र/कुली एजेन्सी संचालकों को घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी को निर्धारित पड़ाव से ही रोटेशन वार चलाने के निर्देश दिए। यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में घोड़ा-खच्चरों को वैकल्पिक मार्ग से भेजने के निर्देश दिये गये।

जानकीचट्टी पुलिस चौकी, पार्किंग और हेलीपैड का निरीक्षण कर वहां पर उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों का जायजा लिया। पुलिस चौकी पर सीसीटीवी की निगरानी, आगंतुकों से सभ्य व्यवहार करने, तीर्थयात्रियों। आम नागरिकों की शिकायत, समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने, निस्तारित और आपातकालीन स्थिति में त्वरित रिस्पांस को निर्देश दिए। पार्किंग पर नियुक्त कर्मियों को वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क करवाने, प्रवेश और निकासी के सम्बन्ध में जरुरी सावधानियां बताई। खरसाली में हेलीपैड पर हेली कंपनी के प्रबंधक और संचालकों से वार्ता कर हवाई यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गयी।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सहायता के लिए नियुक्त पुलिस और  एसडीआरएफ को अलर्ट रहने तथा भीड़ प्रबन्ध के जरुरी निर्देश दिये। सुरक्षा के दृष्टिगत जानकीचट्टी से पैदल मार्ग पर सायं को निर्धारित समय के बाद यात्रियों को यमुनोत्री मंदिर न भेजे जाने के निर्देश दिये गये।

यात्रा के आपराधिक गतिविधियों एवं सुगम यातायात के लिए मुख्य-मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी और संदिग्धों की चेकिंग और फ्रिस्किंग करने के निर्देश दिये गये। मन्दिर परिसर में यात्रियों को सुरक्षित दर्शन के लिए लाइन में लगाकर दर्शन करवाने के निर्देश दिए।

खरसाली (खुशी मठ) में पहुंचकर एसपी ने मां यमुना जी के दर्शन और पूजा अर्चना कर सुरक्षित यात्रा एवं खुशहाली की कामना की गयी। एसपी ने तीर्थ पुरोहितों और यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक लेकर चारधाम यात्रा के सरल, सुगम व बेहतर संचालन, यात्रा और पुलिस व्यवस्थाओं पर चर्चा-परिचर्चा की।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शांतनु पाराशर, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत, वाचक कोमल सिंह रावत, यातायात उपनिरीक्षक वीरेन्द्र पंवार, लक्ष्मण चुफाल,  फायर स्टेशन बडकोट प्रभारी सूरत सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *