मानवता की मिसाल: उत्तरकाशी के नौटियाल दंपत्ति ने निभाया माता-पिता का फर्ज, धूमधाम से कराई दिव्यांग बेटी की शादी
मानवता की मिसाल: उत्तरकाशी के नौटियाल दंपत्ति ने निभाया माता-पिता का फर्ज, धूमधाम से कराई दिव्यांग बेटी की शादी
उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी): उत्तरकाशी के समाज सेवी सुकेश नौटियाल और उनकी पत्नी सविता नौटियाल ने मानवता की मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। इस दंपत्ति ने एक दृष्टिबाधित अनाथ बेटी को न सिर्फ गोद लिया, बल्कि उसके भविष्य को संवारते हुए माता-पिता की भूमिका निभाकर धूमधाम से उसकी विदाई भी की।
2016 में शुरू हुआ था यह सफर
उत्तरकाशी के किशनपुर की रहने वाली प्रियंका चौहान, जो देख पाने में असमर्थ है। बचपन से ही ‘तुनाल्का ब्लाइंड विद्यालय’ की छात्रा थीं। वर्ष 2016-17 में विद्यालय में समाज सेवा के कार्यों के दौरान सुकेश नौटियाल की मुलाकात प्रियंका से हुई। प्रियंका के परिजनों के न होने पर सुकेश नौटियाल ने उसे अपनी बेटी के रूप में गोद ले लिया। तब से लेकर आज तक प्रियंका की शिक्षा और परवरिश का पूरा जिम्मा नौटियाल परिवार ने ही उठाया।

शादी के बंधन में बंधी प्रियंका और खुशपाल हाल ही में प्रियंका चौहान और खुशपाल सिंह राणा परिणय सूत्र में बंधे। खुशपाल सिंह का चयन केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक के रूप में हुआ है, वहीं प्रियंका वर्तमान में दिल्ली में कार्यरत हैं।
तिलोथ (उत्तरकाशी) में आयोजित इस विवाह समारोह में सुकेश और सविता नौटियाल ने माता-पिता के रूप में कन्यादान कर अपना सबसे बड़ा फर्ज निभाया। विवाह को पूरे रीति-रिवाजों और धूमधाम के साथ संपन्न किया गया।
इस भावुक और प्रेरणादायक पल के साक्षी बनने के लिए कई गणमान्य लोग पहुंचे। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी अजय पुरी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और क्षेत्र की जनता मौजूद रही।
