जंपिंग हाइट्स, मोहनचट्टी के पास बड़ा हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी जेसीबी, चालक की मौत
जंपिंग हाइट्स, मोहनचट्टी के पास बड़ा हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी जेसीबी, चालक की मौत
ऋषिकेश/पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी के मोहनचट्टी स्थित जंपिंग हाइट्स के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे जेसीबी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने दुर्गम स्थान से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
हादसे का विवरण:
आज दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को थाना लक्ष्मण झूला के माध्यम से सूचना मिली कि मोहनचट्टी (जनपद पौड़ी गढ़वाल) के पास एक जेसीबी वाहन संख्या UK14K-3255 दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह दुर्घटना कल देर रात लगभग 12:00 बजे हुई। लोगों ने रात में जेसीबी गिरने की आवाज़ सुनी थी, लेकिन सुबह होने पर ही नदी के दूसरी ओर खाई में वाहन दिखाई दिया।
एसडीआरएफ ने निकाला शव:
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक (SI) पंकज सिंह खरोला के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने घटनास्थल पर पाया कि जेसीबी लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी और ऊपर से दिखाई नहीं दे रही थी।
एसडीआरएफ टीम ने वैकल्पिक मार्ग से नदी तक पहुँच बनाई और अत्यंत दुर्गम रास्तों से होते हुए दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी तक पहुँची। सर्च ऑपरेशन के दौरान, टीम को जेसीबी चालक कुछ दूरी पर मृत अवस्था में मिला।
एसडीआरएफ जवानों ने रोप (रस्सी) और स्ट्रेचर की मदद से मृतक के शव को दुर्गम खाई से निकाला और कड़ी मशक्कत के बाद सड़क मार्ग तक पहुँचाया। शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जिसे एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
मृतक की पहचान:
- नाम: सुबोध
- पिता: श्री जगराम
- उम्र: 27 वर्ष
- निवासी: ऋषिकेश, गुमानीवाला, देहरादून।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।
