नैनीताल रैली में रुकावट और जिला योजना बजट में धांधली का आरोप: कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
नैनीताल रैली में रुकावट और जिला योजना बजट में धांधली का आरोप: कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
उत्तरकाशी
जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत का बयान: लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही राज्य सरकार, निष्पक्ष जांच न होने पर होगा व्यापक आंदोलन.
हनुमान चौक पर जोरदार प्रदर्शन; बजट आवंटन की उच्चस्तरीय जांच और ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में हनुमान चौक पर राज्य की भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने नैनीताल-हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेसजनों को पुलिस द्वारा कथित रूप से रोके जाने तथा उत्तरकाशी जिला योजना के बजट आवंटन में हुई अनियमितताओं के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश का प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह निरंकुश हो चुका है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक रैली में जाने से रोकना निंदनीय और असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि संविधान में प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण विरोध एवं आयोजनों में भाग लेने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन सरकार के इशारे पर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।
*जिला योजना के बजट आवंटन में बंदरबांट का आरोप*
प्रदीप रावत ने उत्तरकाशी जिला योजना के बजट आवंटन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों से नियमानुसार प्रस्ताव और स्वीकृति लिए बिना ही योजनाओं को मंजूरी दे दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय नियमों को ताक पर रखकर भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाने की नीयत से बजट का आवंटन किया गया है, जो सीधे तौर पर वित्तीय अनियमितता का मामला है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि जिला योजना में हुए बजट आवंटन की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही प्रत्येक स्वीकृत योजना के प्रस्ताव, आवंटित धनराशि, कार्यदायी संस्था और लाभार्थियों का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए.जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी।
पुतला दहन और प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष (आरजीपीएस) शीशपाल पोखरियाल, ब्लॉक अध्यक्ष (भटवाड़ी) मनोज पंवार, बिपिन नौटियाल, प्रदेश महासचिव विक्रम रावत, जिला महासचिव जीतम सिंह रावत, नवीन भंडारी, सुधीश पंवार, कविता जोगला, मधु रावत, दलेब सिंह नेगी, सभासद एवं जिलाध्यक्ष (युवा कांग्रेस) मनीष पंवार, रमन कटैथ, सूर्यबल्लभ नौटियाल, दीपक रावत, मनोज राही तथा दीपक कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
