उत्तरकाशीउत्तराखंड

संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान को लेकर कांग्रेस का सत्याग्रह 

संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान को लेकर कांग्रेस का सत्याग्रह 

धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़

उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा श्रीदेव सुमन चौक पर कांग्रेस जनों के साथ सत्याग्रह किया गया। सत्याग्रह के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सद्भाव के सम्मान की आवाज बुलंद की।

जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष  प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जिस मंच से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था। उस मंच का हवन-यज्ञ एवं धुलाई कर कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह केवल कांग्रेस नेताओं का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है।

रावत ने कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में कोई भी राजनीतिक दल या नेता अछूत नहीं होता। विचारों और नीतियों का विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी राजनीतिक कार्यक्रम के मंच को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना समाज में नफरत और विभाजन की मानसिकता को बढ़ावा देता है।

रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता आंदोलन के उन मूल्यों में विश्वास करती है, जिन्होंने देश को लोकतंत्र, समानता, भाईचारे और संविधान का रास्ता दिखाया। हम किसी भी राजनीतिक विरोध को सामाजिक वैमनस्य और संवैधानिक मूल्यों के अपमान का माध्यम नहीं बनने देंगे।

सत्याग्रह कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री कांग्रेस घनानंद नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, पूर्व नगर अध्यक्ष कमल सिंह रावत, दिनेश गौड़, वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र भट्ट , सूर्य बल्लभ नौटियाल , पूर्व प्रधान नवीन सिंह भंडारी , पूर्व प्रधान जितम सिंह रावत, पूर्व प्रधान सुरेंद्र पाल सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष सुदीश पंवार , एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आदर्श राणा ,  अनवीर पंवार , जिला सोशल मीडिया प्रभारी भगवान चंद, जिला मीडिया प्रभारी  रमन कठेत, सूरज सिंह रावत, एकादशी , सुरेश लाल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!