द्रोणाचार्य अवॉर्डी सुभाष राणा को मानद डॉक्टरेट की उपाधि
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- देश के प्रतिष्ठित शूटिंग कोच एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी सुभाष राणा पुत्र नारायण सिंह राणा को शूटिंग कोचिंग एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए Cedarbrook University, USA द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय निशानेबाजी और खेल जगत के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
सुभाष राणा ने लंबे समय से भारतीय निशानेबाजों को प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने, उनकी तकनीक निखारने, अनुशासन विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में उनके योगदान की विशेष सराहना की जाती है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सुभाष राणा को मानद डॉक्टरेट मिलने पर खेल जगत, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है। लोगों का कहना है कि शूटिंग के क्षेत्र में उनका समर्पण, अनुभव और खिलाड़ियों को तराशने की कला भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणादायी है।
सुभाष राणा की यह उपलब्धि भारतीय निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को मिलने वाला एक और महत्वपूर्ण सम्मान है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


