जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर कांग्रेस ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर कांग्रेस ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
2 सितंबर तक सर्जन एवं बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हुई तो होगा सीएमओ कार्यालय का घेराव
उत्तरकाशी
जिला अस्पताल उत्तरकाशी की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्य चिकित्साधिकारी से मुलाकात कर उन्हेंसौंपा ज्ञापन।
ज्ञापन के माध्यम से जिला अस्पताल में लंबे समय से रिक्त चल रहे सर्जन एवं बाल रोग विशेषज्ञ के पदों पर तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की गई। जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, चारधाम यात्रा एवं आपदा की दृष्टि से संवेदनशीलता को देखते हुए जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता बेहद आवश्यक है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य जनपदों की ओर रेफर होना पड़ रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने व् कर्मचारियों की अन्य स्थानों पर संबद्धता समाप्त करने तथा जनपद में उपलब्ध एम्बुलेंसों के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में चालकों की नियुक्ति किए जाने की मांग भी की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो सितंबर तक जिला अस्पताल में सर्जन एवं बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सीएमओ कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी हैं। उत्तरकाशी जैसे सीमांत और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित में कांग्रेस आगे भी मजबूती के साथ आवाज उठाती रहेगी।
पत्र देने में कनकपाल सिंह परमार ( पूर्व प्रमुख डुंडा),दिनेश गौड़ वरिष्ठ कांग्रेस नेता, मनीष पवाँर ( सभासद / जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी), जीतम सिंह रावत ( पूर्व प्रधान / जिला मसचिव कांग्रेस कमेटी),सुधीश पवांर ( जिला कोषाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी)भगवान चंद्र ( जिला शोशाल मीडिया प्रभारी), रमन कटैथ ( जिला प्रेस मीडिया प्रभारी),संतोष भंडारी( पूर्व अध्यक्ष एनएसयूआई)उपस्थित रहे.
