अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिन्यालीसौड़ एवं बनचौरा स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिन्यालीसौड़ एवं बनचौरा स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उत्तरकाशी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आम जनमानस को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा में ओपीडी, आईपीडी वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं चिकित्सालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, चिकित्सालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सालयों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें मिलने वाली निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
चिकित्सालयों में उपलब्ध एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का भी निरीक्षण किया गया। एंबुलेंस आदि में आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा में जनमंच के धरने के दौरान उपस्थित लोगों को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कार्मिकों की तैनाती के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की तैनाती हेतु स्वास्थ्य महानिदेशालय को पत्र प्रेषित किया जा चुका है तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आम जनमानस को संबोधित करते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एचपीवी वैक्सीन को लेकर विभिन्न प्रकार की भ्रांतियां एवं भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने इन भ्रांतियों को दूर करते हुए एचपीवी वैक्सीन के लाभ एवं महत्व के बारे में आमजन को जानकारी दी तथा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चिन्यालीसौड़ नवीन पंचोला सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
