वोट चोरी के खिलाफ चिन्यालीसौड़ में कांग्रेस का हल्ला बोल

वोट चोरी के खिलाफ चिन्यालीसौड़ में कांग्रेस का हल्ला बोल

लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं—वोट चोरी का हिसाब देना होगा- कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत 

उत्तरकाशी

जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के नेतृत्व में चिन्यालीसौड़ नगर में कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली एवं वोट चोरी के गंभीर आरोपों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं PM के पुतले फूंककर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस पर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं से जुड़े जो गंभीर सवाल उठाए थे, उन्हें केंद्र सरकार और चुनाव आयोग लगातार नजरअंदाज करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन अब सवाल दबाए नहीं जा सकते।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है और यदि वोट के अधिकार के साथ खिलवाड़ होता है तो यह केवल किसी राजनीतिक दल के साथ अन्याय नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों और आयोग के भीतर निर्णयों पर दर्ज की गई आपत्तियों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। जब चुनाव कराने वाली संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े हों, तो देश की जनता को जवाब देना चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।

राहुल गांधी ने जिस वोट चोरी का सवाल देश के सामने उठाया था, आज वही सवाल देश के लोकतंत्र के सामने सबसे बड़ा सवाल बन चुका है। वोट जनता का अधिकार है, किसी सरकार या चुनाव अधिकारी की जागीर नहीं। अगर वोट चोरी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के कटघरे में खड़ा करना होगा।

कांग्रेस पार्टी ने मांग रखी.केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए चुनावों को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गैरकानूनी कृत्य प्रमाणित होता है तो संबंधित सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने यह भी मांग की कि गंभीर आरोपों के बीच केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार नैतिक आधार पर इस्तीफा दें तथा उनके कार्यकाल में हुए चुनावों की निष्पक्ष समीक्षा एवं आवश्यक होने पर न्यायिक जांच कराई जाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़ो, लोकतंत्र बचाओ, वोट हमारा—राज तुम्हारा नहीं चलेगा.जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पार्टी ने तहसीलदार चिन्यालीसौड़ के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

 

जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि उत्तरकाशी कांग्रेस लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की लड़ाई को सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक पूरी मजबूती से लड़ेगी। जनता के वोट के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो उत्तरकाशी से लेकर देहरादून और दिल्ली तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

इस कार्यक्रम मे दर्शन लाल प्रदेश उपाध्यक्ष, राजेंद्र गुसाईं अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा, देवजन बंठवान ब्लॉक अध्यक्ष चिन्यालीसौड़, बीरेंद्र रमोला नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी चिन्यालीसौड़, शूरवीर सिंह रांगड़ पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका उत्तरकाशी, नवीन भंडारी जिला महासचिव, जसबीर चौहान जिला सचिव,विनोद जड़ाया ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मखाल, आनंद प्रकाश ब्लॉक अध्यक्ष डुंडा, कनकपाल परमार पूर्व प्रमुख डुंडा, बिपिन नौटियाल, सुधीश पंवार, रमन कटैथ, सुपाल दास, कमलेश मेहता, राजेश शाह जिलाध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!