प्रेमनगर में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 95 बोतल विदेशी शराब और 28 बीयर कैन बरामद
देहरादून- जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी ने प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन में प्रेमनगर के कंडोली क्षेत्र में छापेमारी कर 95 बोतल विदेशी शराब और 28 कैन बडवाइजर बीयर बरामद की हैं। कार्रवाई विदौली क्षेत्र में पेट्रोलियम कॉलेज और हॉस्टल के आसपास छात्रों को शराब की डिलीवरी किए जाने की शिकायतों के बाद की गई।
आबकारी टीम के अनुसार, बिशनपुर में दादी की टपरी के पास स्थित एक कमरे और बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से शराब बरामद हुई। बरामद शराब पर केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। मामले में आदित्य कुमार को पकड़ा गया, जिसने कथित तौर पर शराब गर्वित उर्फ विक्रांत की होने की बात कही।
हॉस्टलों में होम डिलीवरी का आरोप
आबकारी विभाग के मुताबिक, गर्वित पर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और छात्रों के माध्यम से होम डिलीवरी नेटवर्क संचालित करने के आरोप हैं। विभाग का दावा है कि शराब की बिक्री के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप, रेट कार्ड और बिना नंबर की स्कूटियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पिछले दो महीनों में गर्वित से जुड़ी चार बिना नंबर की स्कूटियां आबकारी विभाग द्वारा जब्त किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
विभाग के अनुसार, गर्वित ने पूर्व में अदालत में आत्मसमर्पण किया था और उसे जेल भेजा गया। मामले में आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह सहित प्रवर्तन दल और आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। बरामदगी और कथित तस्करी नेटवर्क को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


