उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में संपन्न हुई राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

उत्तरकाशी में संपन्न हुई राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

 

उत्तरकाशी,

उत्तरकाशी नेटबॉल एसोसिएशन द्वारा उत्तराखंड नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन के सहयोग से 8 एवं 9 जून को कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी में आयोजित प्रथम उत्तराखंड राज्य जूनियर फास्ट5 नेटबॉल चैंपियनशिप का सफल एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए जूनियर खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में बालक वर्ग में उत्तरकाशी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हरिद्वार की टीम उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में ऊधम सिंह नगर की टीम विजेता बनी तथा देहरादून की टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।

चैंपियनशिप के समापन अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत करने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के सफल संचालन में सभी अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा भाजपा मुलायम सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सिंह चौहान, सुरेन्द्र सिंह, विकास सेमवाल, कनिकपाल मटूडा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!