विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों में 8414 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों में 8414 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
उत्तरकाशी
जनपद में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हुए विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों के दौरान कुल 8414 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान 3168 लोग उच्च रक्तचाप तथा 3105 लोग मधुमेह से ग्रसित पाए गए। वहीं 685 लोगों की ओरल कैंसर, 381 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर तथा 387 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही 186 गर्भवती महिलाओं की ए एन सी जांच तथा 866 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई।
शिविरों के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं रोगों को लेकर 4482 लोगों को काउंसलिंग प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 624 लोगों के एक्स-रे किए गए तथा 93 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य सभी स्वास्थ्य सेवाएं भी आमजन को निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर एवं गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान करना रहा। शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग एवं परामर्श का लाभ मिला।
