मुख्य नदियों से 100 मीटर के दायरे में निर्माण पर सख्ती, सिंचाई विभाग की एनओसी के बाद ही आगे बढ़ाए प्रक्रिया : जिलाधिकारी
मुख्य नदियों से 100 मीटर के दायरे में निर्माण पर सख्ती, सिंचाई विभाग की एनओसी के बाद ही आगे बढ़ाए प्रक्रिया : जिलाधिकारी
उत्तरकाशी
कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना, वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना तथा ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेन्टर होम स्टे अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान होटल एवं होम स्टे श्रेणी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण करने और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जांच करने के उपरांत ही पात्र आवेदनों को स्वीकृति की प्रक्रिया हेतु आगे बढ़ाया जाने के निर्देश दिये। इसके लिए स्टेट प्रॉपर्टी रूल्स एवं नेशनल बिल्डिंग कोड के मानकों को आवश्यतानुसार लागू करने को कहा। इस श्रेणी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में कमरों की संख्या के अनुसार निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने होम स्टे व होटल के लिये भवन का नक्शा विकास प्राधिकरण से नियमानुसार पास कराये जाने और मुख्य नदियों से 100 मीटर के दायरे से संबंधित प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सिंचाई विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त करने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
बैठक में डीटीडीओ ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 28 के लक्ष्य के सापेक्ष 28 नए आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 20 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें वाहन मद में 11 तथा गैर-वाहन मद में 09 शामिल हैं। इसके सापेक्ष कुल 17 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें वाहन मद में 05 तथा गैर-वाहन मद में 12 आवेदन शामिल हैं।
ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेन्टर होम स्टे अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 के लक्ष्य के सापेक्ष 31 नए आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। प्रस्तुत आवेदनों का जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह द्वारा आवेदकों के साक्षात्कार और उनके आवेदन के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा पर्यटन और स्वरोजगार योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसलिए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, डीटीडीओ खुशाल नेगी, लीड बैंक मैनेजर ब्रह्मानंद सिंह, जीएम डीआईसी वैभव कुमार, नाबार्ड से पारित गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, अधिकारी और आवेदक वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
