पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण से मिले नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारी, छात्रहितों को प्राथमिकता देने की अपील

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण से मिले नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारी, छात्रहितों को प्राथमिकता देने की अपील

उत्तरकाशी।

गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने अपने आवास पर रामचंद्र उनियाल राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रसंघ अध्यक्ष अमित शाह, महासचिव सरगम रावत, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष पंवार, सह सचिव श्रुति पंवार एवं कोषाध्यक्ष वर्षा रावत सहित एबीवीपी (ABVP) व ॐ छात्र संगठन के पदाधिकारियों को चुनाव में मिली शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
​मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक सजवाण ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कहा कि महाविद्यालय से जुड़ी उनकी पुरानी स्मृतियां एक बार फिर तरोताजा हो गई हैं। उन्होंने साझा किया कि उन्हें भी इसी महाविद्यालय में छात्रसंघ सचिव और अध्यक्ष के रूप में छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला था। उन्होंने रामचंद्र उनियाल राजकीय महाविद्यालय को अपने सार्वजनिक जीवन की “पहली पाठशाला” बताते हुए कहा कि यहीं से उन्हें नेतृत्व, जिम्मेदारी और जनसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की सीख और प्रेरणा मिली।
​पूर्व विधायक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्रहितों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करे। सजवाण ने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित टीम महाविद्यालय की गरिमा, शैक्षणिक वातावरण और छात्रहितों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
​उन्होंने सभी युवा प्रतिनिधियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों से जुड़े कई छात्र नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!