गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा: इनोवा कार भागीरथी नदी में गिरी, 4 की मौत, 1 घायल और 2 लापता
उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार (UK 08 TA 6040) अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, कार गंगोत्री की ओर जा रही थी, जिसमें गुजरात निवासी छह यात्रियों और चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दो महिलाएं अभी लापता हैं, जिनकी तलाश में नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मृतकों की पहचान अशोकबेन पटेल (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19), घनश्याम भाई सरवालिया (32) और चालक सुरेंद्र सिंह निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है। घायल की पहचान वेदांत अशोकभाई पटेल (17) के रूप में हुई है।
वहीं, सुधाबेन पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) लापता हैं। जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और रेस्क्यू अभियान जारी है।


